भिवंडी में तेज रफ्तार कार का कहर, बाइक सवार युवक की मौत, चालक फरार

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी में तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान रोहित राजेंद्र खैरणार (28) के रूप में हुई है, जो भादवड़ गांव स्थित अटलांटा टॉवर इलाके का निवासी था। 16 दिसंबर 2025 की रात रोहित अपनी बजाज पल्सर (MH-04 MV-5884) से भिवंडी से कल्याण की ओर जा रहा था। इसी दौरान कल्याण नाका पुल पर सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित बाइक समेत पुल के डिवाइडर से टकराकर नीचे सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसके कंधे की हड्डी, दोनों पैर में फ्रैक्चर और सीने में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से उसे तत्काल मुंबई के केईएम अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद आरोपी चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। भिवंडी शहर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *