भिवंडी में वड़ापाव दुकान पर बाल मजदूरी का भंडाफोड़, 12 साल का बच्चा गर्म कड़ाही के पास काम करता मिला

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी के निजामपुरा इलाके में एक वड़ापाव की दुकान पर 12 वर्षीय नाबालिग से खतरनाक हालात में काम कराए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक के खिलाफ बाल मजदूरी का केस दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक 21 फरवरी की रात करीब 8 बजे मीठपाडा रोड स्थित अदित्य होटल के पास एक वड़ापाव दुकान पर निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक नाबालिग लड़का गैस शेगड़ी के पास गर्म कड़ाही में वड़े तलता हुआ मिला। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह का काम बच्चों के लिए खतरनाक श्रेणी में आता है।

पूछताछ में बच्चे ने अपना नाम जावेद (काल्पनिक नाम) और उम्र 12 वर्ष बताई। उसने बताया कि वह पिछले करीब दो महीनों से दुकान पर काम कर रहा था और उसे प्रतिदिन लगभग 250 रुपये मजदूरी मिलती थी।

जांच में सामने आया कि दुकान संचालक रियाज अब्दुल रऊफ सिद्दीकी (22) ने बिना किसी वैध अनुमति के नाबालिग को काम पर रखा था। पुलिस के अनुसार गर्म तेल और गैस चूल्हे के पास काम कराना बच्चे की जान और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा था।

निजामपुरा पुलिस स्टेशन ने आरोपी के खिलाफ बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *