आदिल नोमानी
भिवंडी के कोनगांव और नारपोली थाना क्षेत्रों में ठगी के दो अलग-अलग मामलों ने लोगों को चौंका दिया है। एक मामले में कंपनी की बीमा पॉलिसी के नाम पर 5.31 लाख रुपये हड़प लिए गए, जबकि दूसरे मामले में मेडिकल कॉलेज में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर 34.42 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीमा पॉलिसी के नाम पर 5.31 लाख की हेराफेरी
पहला मामला कोनगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है। कल्याण पूर्व के वसंत वाटिका निवासी 38 वर्षीय मनोज मनोहर ताम्हाणेकर ने ठाकुर पाडा निवासी इफ्तेकार अबरार शेख के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार आरोपी सरवली स्थित रिजेट टोयोटा कंपनी के वर्कशॉप में कार्यरत था। आरोप है कि उसने ग्राहकों से बीमा पॉलिसी कराने के नाम पर 5 लाख 31 हजार 921 रुपये नकद वसूले, लेकिन यह रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं कर निजी उपयोग में ले ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के नाम पर 34.42 लाख की ठगी
दूसरी घटना नारपोली पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है। मेडिकल स्टोर संचालक 64 वर्षीय राजेश मुकनाराम चौधरी ने बालकुम पाडा निवासी प्रशांत गोविंदराव महाजन के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई है।
आरोप है कि आरोपी ने पीड़ित के बेटे को मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर भरोसा जीता और अलग-अलग समय पर गूगल पे व नकद के जरिए 34 लाख 42 हजार 990 रुपये वसूल लिए। रकम लेने के बाद न तो प्रवेश दिलाया गया और न ही पैसे लौटाए गए।
दोनों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच जारी है।

