भिवंडी में दो वारदातें: गर्भवती महिला से मारपीट, दूसरी घटना में घर में घुसकर छेड़छाड़

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं के खिलाफ हिंसा और छेड़छाड़ की दो गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गर्भवती महिला से मारपीट, गर्भपात का आरोप

पहली घटना शांतिनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार 17 फरवरी की रात करीब 8 बजे गायत्रीनगर इलाके में हनुमान मंदिर के सामने स्थित एक किराना दुकान के पास यह घटना हुई।

पीड़िता का आरोप है कि पुराने विवाद की रंजिश में तीन महिलाओं ने उसे घेरकर मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने उसके पेट पर हाथ से वार किया। महिला का कहना है कि मारपीट के बाद उसके पेट में तेज दर्द शुरू हुआ और बाद में उसका गर्भपात हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जोहरा बानो समेत तीन महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप

दूसरी घटना नारपोली पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कशेली गांव की है। 30 वर्षीय महिला ने पड़ोस में रहने वाले युवक और उसके पिता पर घर में घुसकर छेड़छाड़, गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

पीड़िता के मुताबिक 2 अक्टूबर 2025 से 21 फरवरी 2026 के बीच आरोपी कई बार उसके घर में घुसा। एक बार वह बेडरूम में पूजा कर रही थी, तभी आरोपी युवक जबरन अंदर आया और उसका हाथ पकड़कर अश्लील हरकत करने लगा। विरोध करने पर उसे धमकाया गया।

महिला का आरोप है कि 21 फरवरी की रात करीब 10 बजे आरोपी युवक दोबारा घर में घुस आया और उसके पति से विवाद किया। इस दौरान आरोपी और उसके पिता ने दंपती को गालियां दीं और मारपीट की कोशिश की।

पुलिस ने विकी केशरीनाथ म्हात्रे और केशरीनाथ पंढरीनाथ म्हात्रे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *