अब्दुल गनी खान
भिवंडी: शहर के पिंपलास स्थित इंडस्ट्रियल इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कंपनी के मैनेजर पर ही लाखों रुपये का कपड़ा गायब करने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद कोनगांव पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मुंबई के लालबाग निवासी व्यापारी बाबूसिंह भवरसिंह राजपुरोहित (60) की ‘सिद्धार्थ इंटरप्राइजेस’ नामक कंपनी भूमिवर्ल्ड इंडस्ट्रियल पार्क, पिंपलास में संचालित है। कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत इंद्रजीतकुमार बहेलिया (45), मूल निवासी उत्तर प्रदेश, पर भरोसे का फायदा उठाकर माल चोरी करने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार 15 नवंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 के बीच आरोपी ने गोदाम से अलग-अलग समय पर सफेद, काला, लाल, मरीन और नीले रंग का कुल 494.610 किलो कपड़ा गायब कर दिया। चोरी किए गए माल की कीमत 2 लाख 15 हजार 927 रुपये आंकी गई है।
बताया जा रहा है कि कंपनी के स्टॉक और माल की जिम्मेदारी आरोपी के पास थी। इसी का फायदा उठाते हुए उसने कपड़ा बाहर निकालकर बेच दिया। नियमित स्टॉक जांच के दौरान माल कम मिलने पर हेराफेरी का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 के तहत अमानत में खयानत और चोरी का मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

