अब्दुल गनी खान
भिवंडी: शहर के गुलजार नगर इलाके में बिजली चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि एक फ्लैट में बिना मीटर लगाए सीधे बिजली लाइन से केबल जोड़कर लंबे समय तक बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। शिकायत के आधार पर शांतिनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, व्यवस्थापक हितेश अशोककुमार सुतार (39) ने शिकायत दी कि गुलजार नगर स्थित गयासुद्दीन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 303 में रहने वाले मोहम्मद लतीफ मोहम्मद रईस सलमानी ने अधिकृत कनेक्शन के बजाय डायरेक्ट केबल जोड़कर बिजली उपयोग की। आरोप है कि 21 जनवरी 2024 से सितंबर 2025 के बीच आरोपी ने आर्थिक लाभ के लिए यह अवैध कनेक्शन चलाया।
जांच में सामने आया कि करीब 3260 यूनिट बिजली की खपत अवैध रूप से की गई, जिससे बिजली कंपनी को लगभग 65,178 रुपये का नुकसान हुआ। निरीक्षण के दौरान यह गड़बड़ी पकड़ी गई। इसके बाद पुलिस ने बिजली अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत केस दर्ज किया।
फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। वहीं, बिजली विभाग ने संकेत दिए हैं कि शहर में अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

