‘यादव जी की लव स्टोरी’ गर्म यादव समाज

भिवंडी महाराष्ट्र

‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर विरोध, मुंबई यादव संघ ने भिवंडी में सौंपा ज्ञापन
फिल्म पर तत्काल प्रतिबंध की मांग, समाज की भावनाएं आहत होने का आरोप

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मुंबई यादव संघ ने फिल्म पर आपत्ति जताते हुए भिवंडी के उपविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। संघ का आरोप है कि फिल्म में यादव समाज की छवि को आपत्तिजनक और गलत तरीके से दिखाया गया है, जिससे समाज में नाराजगी है।

संघ के अध्यक्ष अजय यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रांत अधिकारी अमित सानप को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि फिल्म की रिलीज से सामाजिक तनाव बढ़ सकता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने की आशंका है। संगठन का कहना है कि यादव समाज शांतिप्रिय है और सामाजिक सौहार्द में विश्वास रखता है, लेकिन भावनाओं की अनदेखी होने पर जनआक्रोश बढ़ सकता है।

संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि फिल्म निर्माता टीआरपी और प्रचार के लिए जानबूझकर विवादित विषयों पर फिल्में बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले ‘घूसखोर पंडित’ जैसी फिल्मों को लेकर भी ब्राह्मण समाज ने आपत्ति जताई थी। ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए इस फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगानी चाहिए।

यादव संघ ने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेकर सामाजिक शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान सूरजपाल यादव, चंद्रभान यादव, पी.डी. यादव, मंगेश यादव, डॉ. बृजेश यादव, डॉ. मुन्नालाल यादव, लल्लन यादव, राजेंद्र यादव, कन्हैया यादव, सुभाष यादव, चंद्रिका यादव, विजय प्रताप यादव, हरेंद्र यादव, संतलाल यादव और एडवोकेट सुशील यादव सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *