पहले मिलता था पानी, अब मिलती हैं लाशें; तालाब में हर माह लाशें बरामद, मनपा प्रशासन रवैया गम्भीर नहीं

भिवंडी

भिवंडी: वराला देवी तालाब से मिली युवक की लाश, सुरक्षा पर प्रशासन उदासीन

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। शहर के कामतघर क्षेत्र में स्थित वराला देवी तालाब एक बार भिवंडीवासियों के लिए रोजाना पानी की आपूर्ति का प्रमुख स्रोत था। लेकिन प्रदूषण और देखरेख की कमी के कारण नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने तालाब से पानी सप्लाई पर फिलहाल रोक लगा दी है। इसी बीच तालाब से एक युवक की लाश मिलने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार दोपहर को भिवंडी पुलिस को तालाब में एक युवक की लाश तैरने की सूचना मिली। मौके पर पुलिस और अग्निशमन दल पहुंचे और लाश को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएम अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि युवक की मौत आकस्मिक थी या हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया।

सूत्रों के अनुसार वराला देवी तालाब में हर माह किसी न किसी की लाश बरामद होती रहती है। लेकिन पुलिस अकसर इसे आकस्मिक मौत का केस बनाकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल देती है, जिससे तालाब हत्याओं और आत्महत्याओं के लिए उपयोग में आता रहा है।

        तालाब की सुरक्षा राम भरोसे

130 एकड़ क्षेत्र में फैले इस तालाब की बाउंड्री वॉल टूटी हुई है। मनपा प्रशासन ने तालाब की सुरक्षा के लिए न तो वॉचमैन तैनात किए हैं और न ही सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इसी कारण दिनभर क्षेत्र के बच्चे तालाब में नहाते, कपड़े और बर्तन धोते और गाड़ियां साफ करते देखे जाते हैं, जिससे पानी पूरी तरह प्रदूषित हो गया है।

वराला देवी तालाब से प्रतिदिन 5 एमएलडी पानी सप्लाई की जाती थी। पानी के दूषित होने और सुरक्षा की कमी के कारण नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने 27 मार्च तक सप्लाई पर रोक लगा दी है।

मनपा जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप पटनावर ने बताया कि केंद्र सरकार की राष्ट्रीय झील संरक्षण योजना के तहत इस तालाब के पुनर्विकास व सौंदर्यीकरण के लिए 54 करोड़ रुपये का फंड मंजूर हुआ है। डीपीआर शासन स्तर पर लंबित होने के कारण काम अभी शुरू नहीं हो पाया है। फंड मिलने के बाद तालाब की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और चारों तरफ बैरिकेडिंग लगाकर नहाने और धोने पर रोक भी लगाई जाएगी।

तालाब की उदासीनता और सुरक्षा की कमी से शहर में तालाब को लेकर चिंता और असंतोष बढ़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *