भिवंडी मनपा के नवनिर्वाचित महापौर नारायण चौधरी ने संभाला पदभार…

भिवंडी

राजनीतिक उठापटक के बीच दो सप्ताह बाद किया कार्यभार ग्रहण।

Bhiwandi

-निजामपुर शहर महानगरपालिका के नवनिर्वाचित महापौर नारायण चौधरी ने बुधवार, 4 मार्च को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। मनपा मुख्यालय पहुंचने पर समर्थकों और पालिका अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। महापौर के रूप में उनका कार्यभार संभालना हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बाद विशेष महत्व रखता है।

गौरतलब है कि भिवंडी मनपा का चुनाव 15 जनवरी को संपन्न हुआ था और 16 जनवरी को परिणाम घोषित किए गए थे। चुनाव परिणाम में कांग्रेस पार्टी 30 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। भाजपा को 22, शिवसेना (शिंदे गुट) को 12, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) को 12, समाजवादी पार्टी को 6, कोर्णाक विकास आघाड़ी को 4, भिवंडी विकास आघाड़ी को 3 और एक निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली थी।

महापौर पद के लिए 46 नगरसेवकों का समर्थन आवश्यक था। प्रारंभिक स्थिति में किसी भी दल के पास पूर्ण बहुमत नहीं था। बाद में हुए राजनीतिक समीकरणों में कांग्रेस के 30, राकांपा (शरद पवार गुट) के 12 और भाजपा के 6 नगरसेवकों के समर्थन से नारायण चौधरी को 20 फरवरी को महापौर चुना गया। इस घटनाक्रम के बाद संबंधित दलों में आंतरिक असंतोष भी सामने आया है और बगावत करने वाले नगरसेवकों पर पार्टी स्तर पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। चुनाव के लगभग दो सप्ताह बाद बुधवार को चौधरी ने औपचारिक रूप से महापौर पद की जिम्मेदारी संभाली। पदभार ग्रहण के दौरान मनपा के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। पदभार संभालने के बाद महापौर नारायण चौधरी ने शहर के विकास, मूलभूत सुविधाओं में सुधार और सभी पक्षों को साथ लेकर काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि भिवंडी की जनता ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। अब देखना यह होगा कि बहुमत के जटिल समीकरणों के बीच नई महापौर टीम शहर की प्रशासनिक चुनौतियों से किस तरह निपटती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *