भिवंडी में यातायात जाम की समस्या के निदान हेतु  महापौर का कड़ा रुख

भिवंडी

मनपा कर्मियों और पुलिस महकमे के साथ बैठक, भारी वाहनों को रोकने की दी चेतावनी

विशेष संवाददाता

भिवंडी शहर में आए दिन होने वाली भारी ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर महापौर नारायण चौधरी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने मनपा प्रशासन और यातायात पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि इस समस्या का कोई ठोस और संयुक्त समाधान नहीं निकाला गया, तो वे स्वयं सड़कों पर उतरकर शहर में आने वाले भारी वाहनों को रोकेंगे।


              मालूम हो कि भिवंडी मनपा मुख्यालय में गुरुवार की शाम महापौर नारायण चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुआ।जिसमें विधायक महेश चौघुले,मनपा आयुक्त अनमोल सागर और पुलिस के आला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान महापौर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन और पुलिस की मौजूदा योजनाएं यातायात सुधारने में पूरी तरह विफल रही हैं। उन्होंने बताया कि अनधिकृत रिक्शा और वाहनों पर कार्रवाई के बाद उन्हें रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। साथ ही, पार्किंग ज़ोन का अभाव, सड़कों पर फेरीवालों का कब्जा, खोदी गई सड़कें और भारी वाहनों के लिए फ्लाईओवरों का बंद होना जाम के मुख्य कारण हैं। उन्होंने मांग की कि बिना परमिट वाले अवैध रिक्शा को बड़े पैमाने पर जब्त किया जाए और मनपा उन्हें खड़ा करने के लिए जगह उपलब्ध कराए।
साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि अब से सड़क खुदाई के लिए यातायात पुलिस की अनुमति अनिवार्य होगी। साथ ही, जब्त वाहनों के लिए भोईवाडा क्षेत्र में जगह उपलब्ध कराई जाएगी और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी मनपा प्रशासन उठाएगा।
महापौर नारायण चौधरी ने बैठक का समापन करते हुए कहा कि “शहर को यातायात मुक्त करना पुलिस और मनपा दोनों की साझा जिम्मेदारी है। विशेष रूप से दिन के समय शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर रोक लगाना अनिवार्य है। यदि इसमें कोताही बरती गई, तो हम खुद सड़कों पर बैरिकेडिंग लगाकर भारी वाहनों का रास्ता रोक देंगे।”
इस बैठक में उपमहापौर तारिक मोमिन, सहायक पुलिस आयुक्त शरद ओव्हाळ, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किशोर खरात, सुधाकर यादव, अशोक रत्नपारखी समेत मनपा के विभिन्न विभागों के कार्यकारी अभियंता और सहायक आयुक्त उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *