कानपुर में पत्नी की हत्या कर शव नाले में फेंका, पांच साल पुरानी लव मैरिज का दर्दनाक अंत

उत्तर प्रदेश

अब्दुल गनी खान
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में पांच साल पहले प्रेम विवाह करने वाले दंपति की कहानी का दर्दनाक अंत सामने आया है। पति ने अपनी ही पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को कंबल में लपेटकर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, नितिन और आकृति कानपुर की एक पैकिंग फैक्ट्री में साथ काम करते थे। काम के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हुआ और करीब पांच साल पहले दोनों ने आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद दंपति के दो बच्चे भी हुए।

बताया जा रहा है कि कुछ समय से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी नितिन ने पत्नी आकृति की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को कंबल में लपेटा और करीब चार फीट गहरे नाले में फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए शव को पत्थरों से दबाने की भी कोशिश की गई।

हालांकि कुछ दिनों बाद शव फूलने के कारण ऊपर आ गया, जिसके बाद आसपास के लोगों ने नाले में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पति नितिन पर शक हुआ। पूछताछ में सख्ती बरतने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी नितिन और उसके भाई दीपू को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *