भिवंडी शहर के कचेरी पाडा इलाके में सोमवार को एक लकड़ी के गोदाम (वखार) में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस गोदाम में बड़े पैमाने पर बांस और लकड़ियों का स्टॉक रखा होने के कारण कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार लकड़ी के गोदाम के पास मौजूद झाड़ियों में किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी थी। सूखी झाड़ियों से शुरू हुई यह आग तेजी से फैली और पास ही स्थित बांस और लकड़ी के गोदाम तक पहुँच गई।आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसकी चपेट में पास ही स्थित फ्रूट मार्केट की 3 से 4 दुकानें भी आ गईं। इस हादसे में फल मंडी की चार दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं, जिससे व्यापारियों का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही भिवंडी दमकल विभाग की तीन गाड़ियाँ तुरंत मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। इस भीषण हादसे में सौभाग्य से कोई जीवितहानि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की आगे की जाँच की जा रही है।

