भिवंडी (अब्दुल गनी खान)। बहुप्रतीक्षित कल्याण–मुरबाड रेलवे परियोजना को जल्द गति मिलने की संभावना है। भिवंडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाळ्या मामा ने बुधवार को दिल्ली में चल रहे संसदीय सत्र के दौरान इस परियोजना का मुद्दा उठाया और केंद्र सरकार से इसे शीघ्र शुरू करने की मांग की।
सांसद म्हात्रे ने केंद्र से अनुरोध किया कि कल्याण–मुरबाड रेलवे परियोजना को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखते हुए जल्द मंजूरी दी जाए तथा इसके लिए एक संयुक्त समन्वय समिति का गठन किया जाए, ताकि परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।

इस पर जवाब देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों इस परियोजना के प्रति सकारात्मक हैं। उन्होंने बताया कि पहले इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण हेतु 836 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था। हालांकि क्षेत्र में तेजी से विकास होने के कारण अब भूमि अधिग्रहण की लागत बढ़कर लगभग 1,400 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है।
रेल मंत्री ने यह भी कहा कि इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री से भी चर्चा हो चुकी है और भूमि अधिग्रहण का मुद्दा जल्द सुलझाकर परियोजना के कार्य को गति दी जाएगी।
इसके अलावा भिवंडी तालुका में बुलेट ट्रेन परियोजना से प्रभावित भरोडी गांव के लिए अंडरपास की मंजूरी दिए जाने पर सांसद सुरेश म्हात्रे ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया।
सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाळ्या मामा ने कहा कि वह लंबे समय से संसद में इस परियोजना को लेकर आवाज उठा रहे हैं और अब रेल मंत्री से मिले आश्वासन के बाद उम्मीद है कि कल्याण–मुरबाड रेलवे परियोजना जल्द ही धरातल पर उतरेगी।

