भिवंडी: गैस की बढ़ती कीमतों और किल्लत के खिलाफ काँग्रेस का हल्लाबोल; दाम कम करने की मांग

भिवंडी

विशेष संवाददाता
ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध जैसी स्थितियों का असर अब पूरी दुनिया में महसूस किया जा रहा है। इसी बीच, घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों और बाजार में पैदा की गई गैस की ‘कृत्रिम किल्लत’ के खिलाफ काँग्रेस ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है।

भिवंडी शहर काँग्रेस की ओर से शहराध्यक्ष रशीद ताहीर मोमिन के नेतृत्व में गुरुवार को दोपहर में विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। यह आंदोलन भिवंडी शहर के मुख्य काँग्रेस कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ। आंदोलन के दौरान काँग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम आदमी की कमर टूट गई है। शहर में गैस की आपूर्ति में आ रही बाधाओं और जानबूझकर पैदा की गई कमी  पर भी रोष व्यक्त किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में स्थानीय महिलाएं और काँग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने खाली सिलेंडर दिखाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

काँग्रेस शहराध्यक्ष रशीद ताहीर मोमिन ने मांग की है कि सरकार गैस की बढ़ती कीमतों को तुरंत वापस ले और गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करे ताकि सर्वसामान्य नागरिकों को इस महंगाई से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *