अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर टोरेंट पावर की महिला कर्मचारियों ने चलाया ‘गिव टू गेन’ सेवा अभियान

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर टोरेंट पावर लिमिटेड की महिला कर्मचारियों ने समाज सेवा की अनूठी पहल करते हुए “गिव टू गेन” थीम के तहत सामुदायिक सेवा अभियान चलाया। इस दौरान महिला कर्मचारियों ने विभिन्न वृद्धाश्रमों और एक बालिका आश्रम का दौरा कर वहां के निवासियों के साथ समय बिताया और उन्हें अपनापन व स्नेह का एहसास कराया।

इस पहल के अंतर्गत महिला कर्मचारियों ने वनप्रस्थी आश्रम, मातोश्री वृद्धाश्रम, स्वामी शांति प्रकाश वृद्धाश्रम, उपवन ओल्ड एज होम, श्री साईधाम वृद्धाश्रम और बालिकाश्रम का दौरा किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मचारियों ने आश्रमों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों और बालिकाओं के साथ संवाद किया तथा उनके साथ खेल, संगीत और अन्य मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया। इन गतिविधियों से आश्रमों में खुशियों भरा माहौल बना और सभी के बीच भावनात्मक जुड़ाव के कई यादगार पल देखने को मिले।

इस अवसर पर महिला कर्मचारियों ने कहा कि “गिव टू गेन” पहल का उद्देश्य समाज के साथ संवेदनशील संबंध बनाना है। उन्होंने अपना समय और स्नेह देकर जहां आश्रम के निवासियों के चेहरों पर मुस्कान लाई, वहीं उन्हें बुजुर्गों का आशीर्वाद और उनके जीवन अनुभवों से सीखने का अवसर भी मिला।
कंपनी के अनुसार यह पहल महिला कर्मचारियों के सशक्तिकरण और व्यक्तित्व विकास का भी एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई। कार्यक्रम की योजना, समन्वय और नेतृत्व में सक्रिय भागीदारी के माध्यम से कर्मचारियों को अपनी संगठनात्मक और पारस्परिक कौशल को और मजबूत करने का अवसर मिला।

आश्रम के निवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। इस पहल के माध्यम से न केवल महिला दिवस के महत्व को सार्थक बनाया गया, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को भी मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *