महिला आयोग के अध्यक्ष को बुजुर्ग महिला ने भेजा पत्र,न्याय की लगाई गुहार

भिवंडी

कहा परिचित महिला ने उसके घर में घुसकर की जान से मारने व गहने चुराने की कोशिश

विशेष संवाददाता भिवंडी
58 वर्षीय महिला के घर में अकेले होने का फायदा उठाते हुए 35 वर्षीय महिला गहने चुराने के इरादे से बुजुर्ग महिला के घर में घुस गई, उसे बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया और गला घोंटकर उसकी हत्या करने की कोशिश की।उक्त हृदयविदारक घटना भिवंडी तालुका के लोनाड के देवरुंग पाड़ा की है।इस मामले में पड़घा पुलिस स्टेशन में बुजुर्ग महिला की पिटाई करने वाली महिला के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।लेकिन बुजुर्ग महिला ने अपने साथ हुए जानलेवा हमले की शिकायत महिला आयोग से करते हुए उस पर गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की है।
            महिला आयोग को भेजे पत्र में बुजुर्ग महिला पार्वती तुकाराम गोडे (58) ने बताया कि 26 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 3:30 बजे घर में अकेली सो रही थी, तब उसकी परिचित उसी के गांव की रहने वाली प्रमिला कैलाश गोडे (35) ने घर में किसी की मौजूदगी न होने का फायदा उठाते हुए अचानक गहने चुराने के इरादे से घर में घुसकर उसके सीने पर बैठ गई, उसे गालियां दीं और मुक्कों से बुरी तरह पीटा। शिकायतकर्ता पार्वती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने अलमारी की चाबियों से गला घोंटकर उसे जान से मारने की कोशिश की, जिससे खून बहने लगा। इसी दौरान वह चीखी और किसी तरह घर का दरवाजा खोलकर खुद को छुड़ा लिया। पार्वती गोडे ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने इसे संज्ञेय अपराध बताते हुए भी सिर्फ गैर-संज्ञेय अपराध के रूप में दर्ज किया है। उन्होंने  महिला आयोग की अध्यक्ष को लिखे अपने पत्र में आरोप लगाया है कि आरोपी महिला ने उसके घर में घुसकर उनके गहने चुराने की कोशिश की और उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। पीड़ित पार्वती गोडे ने मांग की है कि आरोपी महिला के खिलाफ गंभीर संज्ञेय अपराध दर्ज किया जाए और उसे गिरफ्तार किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *