अब्दुल गनी खान
भिवंडी। शहर में अवैध गैस भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। भिवंडी तालुका के वलपाड़ा स्थित वर्धमान टावर में राशनिंग विभाग की भरारी (उड़न) टीम ने छापेमारी कर 84 सिलेंडरों का जखीरा बरामद किया।
जानकारी के मुताबिक थाने राशनिंग विभाग के फरिमंडल की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि वर्धमान टावर की एक रिहाइशी इमारत में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों की आंखें उस समय फटी रह गईं, जब इमारत के अंदर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे मिले। बरामद सिलेंडरों में भारत गैस, एचपी गैस, गो गैस और गैस वन जैसी कंपनियों के घरेलू और कमर्शियल दोनों प्रकार के सिलेंडर शामिल हैं।
अधिकारियों ने मौके से घरेलू, कमर्शियल और 5 किलो के छोटे सिलेंडर समेत कुल 84 सिलेंडर जब्त किए। बताया जा रहा है कि सिलेंडरों को तीन टेम्पो में भरकर रखा गया था।
राशनिंग विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस तरह रिहाइशी इलाके में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किसी बड़े हादसे को दावत देने जैसा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि इतने बड़े पैमाने पर सिलेंडरों की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि देश में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए विशेष दक्षता पथक बनाया गया है। उसी के तहत भिवंडी में यह छापेमारी की गई।
प्रशासन ने साफ किया है कि शहर में गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

