मेरठ में ‘सेक्स ट्रीटमेंट’ की आड़ में चल रहा रैकेट बेनकाब, डॉक्टर दंपति समेत कई गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लोहिया नगर क्षेत्र में पुलिस ने कथित रूप से ‘सेक्स ट्रीटमेंट थेरेपी’ के नाम पर चल रहे एक अवैध रैकेट का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान एक क्लिनिक पर छापा मारकर डॉक्टर दंपति समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह क्लिनिक बाहरी तौर पर सेक्स रोगों के इलाज का दावा करता था, लेकिन अंदर बंद कमरों में संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। आरोप है कि यहां आने वाले युवाओं को ‘थेरेपी’ के नाम पर अलग-अलग कमरों में भेजा जाता था, जहां महिला कर्मियों के साथ उन्हें घंटों तक रखा जाता था।

इस मामले में पुलिस ने क्लिनिक संचालक कपिल कुमार गुप्ता और उनकी पत्नी हेमलता गुप्ता को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों के पास बीएचएमएस की डिग्री है। इनके अलावा ‘थेरेपी’ देने के नाम पर शामिल तीन युवतियों और तीन ग्राहकों—दीपक, मुईन और सोनू—को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस तथाकथित ‘ट्रीटमेंट’ के लिए लोगों से हजारों रुपये वसूले जाते थे। वहीं, कुछ मामलों में ‘वीआईपी ट्रीटमेंट’ के नाम पर विशेष व्यवस्था भी की जाती थी।

कार्रवाई के बाद पुलिस ने युवतियों के परिजनों को बुलाकर उन्हें उनके सुपुर्द कर दिया है, जबकि डॉक्टर दंपति और ग्राहकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *