हर मानसून में डूबता स्कूल परिसर, भिवंडी मनपा महासभा में गूंजा मुद्दा

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका की महासभा में शहर के स्कूल परिसरों में हर साल होने वाले जलभराव का मुद्दा एक बार फिर जोरदार तरीके से उठाया गया। वार्ड क्रमांक 15 की नगरसेविका रुक्साना आरिफ तांबोली ने इसे बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए प्रशासन से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की।

महासभा में बोलते हुए तांबोली ने बताया कि स्कूल क्रमांक 57/60 और गौतम नारायण चौधरी स्कूल के परिसर में बारिश के दौरान पानी भर जाना अब स्थायी समस्या बन चुकी है। हर साल मानसून के दौरान स्कूल परिसर जलमग्न हो जाता है, जिससे छात्रों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों को गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। कई अभिभावक भी इस स्थिति के चलते बच्चों को स्कूल भेजने से कतराते हैं, जिसका सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है।

नगरसेविका ने प्रशासन से मांग की कि नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाए। साथ ही इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए दीर्घकालीन योजना तैयार कर उसे जल्द अमल में लाया जाए।

महासभा में यह मुद्दा प्रमुखता से उठने के बाद अब निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि हर साल दोहराई जाने वाली इस समस्या से छात्रों को कब राहत मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *