अब्दुल गनी खान
भिवंडी, संवाददाता। ठाणे जिले के भिवंडी शहर में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्ती बढ़ाते हुए अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। इनमें पशु अवैध बिक्री और मादक पदार्थों से जुड़े कई मामले सामने आए हैं, जिनमें आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किए गए हैं।
निजामपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 27 मार्च 2026 की सुबह खिजरा रोड स्थित कसाईवाड़ा इलाके में कार्रवाई करते हुए शहबाज उर्फ कानामशफिदीन अंसारी (32) को गोवंशीय पशु के अवैध मांस की बिक्री करते हुए पकड़ा। पुलिस ने मौके से करीब 40 हजार रुपये कीमत का मांस बरामद किया। इस मामले में महाराष्ट्र पशु संरक्षण कानून के तहत केस दर्ज किया गया है, हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है।
वहीं, शांतीनगर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। पहले मामले में फिरोज बारीक हुसैन खान को 26 मार्च की रात गिरफ्तार किया गया। उसके पास से करीब 1.046 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है।
दूसरे मामले में कमलेश जगदीश सरोज को भादवड़ नाका क्षेत्र में खुले मैदान में गांजा रखते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नोटिस जारी किया है।
इसके अलावा एक अन्य कार्रवाई में अजस्तुद्दीन निजामुद्दीन सिद्दीकी (22) को गांजा सेवन करते हुए पकड़ा गया। यह कार्रवाई काचेवाला भारत कंपाउंड इलाके में की गई। आरोपी के खिलाफ भी मादक पदार्थ विरोधी कानून के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।

