अब्दुल गनी खान
भिवंडी, ठाणे जिले के कोनगांव क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां मोबाइल फोन से किए गए कॉल को लेकर एक युवक ने नारियल पानी विक्रेता पर डंडे से हमला कर उसे घायल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, हालांकि उसकी गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित हुसेन आताउर शेख (22), जो नारियल पानी बेचने का काम करता है और कल्याण पूर्व के पिसवली गांव में रहता है, 27 मार्च 2026 की दोपहर करीब 12 बजे कोनगांव स्थित गावदेवी मंदिर के पास अपनी साइकिल पर नारियल पानी बेच रहा था।
शिकायत के मुताबिक, एक दिन पहले आरोपी भावेश (पूरा नाम अज्ञात), निवासी कोनगांव, ने हुसेन से मोबाइल फोन लेकर किसी को कॉल किया था और कॉल हिस्ट्री डिलीट कर चला गया था। अगले दिन वह फिर से मौके पर पहुंचा और हुसेन से इस बात को लेकर सवाल करने लगा कि उसने उस नंबर पर मैसेज क्यों किया।
हुसेन द्वारा मैसेज करने से इनकार करने पर आरोपी भड़क गया और अपनी कार की डिक्की से लकड़ी का डंडा निकालकर उस पर हमला कर दिया। हमले में पीड़ित के हाथ, पीठ और पैर में चोटें आईं। आरोपी ने उसे धमकी भी दी कि वह यहां नारियल पानी कैसे बेचता है, यह देख लेगा।
घटना के बाद घायल युवक ने कोनगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक संजय शिंदे कर रहे हैं।

