शांतिनगर और कोनगांव से लापता हुईं लड़कियां, अपहरण की आशंका; पुलिस CCTV खंगाल रही
अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर में नाबालिगों के लापता होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शहर के दो अलग-अलग इलाकों से 14 और 15 वर्षीय दो किशोरियों के अचानक गायब होने से हड़कंप मच गया है। परिजनों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने अपहरण की आशंका जताते हुए जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पहला मामला शांतिनगर क्षेत्र का है, जहां 14 वर्षीय किशोरी 28 मार्च की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिवार का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया।
वहीं दूसरा मामला कोनगांव इलाके का है, जहां 15 वर्षीय किशोरी शाम को दुकान से सामान लेने निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इन घटनाओं के बाद शहर में अभिभावकों के बीच चिंता और भय का माहौल है।

