दर्दनाक हादसा: मानकोली ब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को मारी टक्कर, 26 वर्षीय युवती की मौत

ठाणे

हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार, पुलिस CCTV फुटेज के जरिए तलाश में जुटी

अब्दुल गनी खान ठाणे:
मुंबई-नाशिक हाईवे पर भिवंडी के मानकोली ओवरब्रिज पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवती की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रेलर समेत फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, घाटकोपर निवासी चारूशिला उर्फ श्रद्धा गणेश शिंदे (26) अपने एक मित्र के साथ 29 मार्च की सुबह करीब 9 बजे स्कूटी से ठाणे की ओर जा रही थीं। जैसे ही वे मानकोली इलाके के ओवरब्रिज पर पहुंचीं, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का पिछला पहिया युवती के पैर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद चालक ने न तो घायल को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की और न ही पुलिस को सूचना दी। वह वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही नारपोली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

फरार चालक और वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है۔

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *