अब्दुल गनी खान | नवी मुंबई/वाशी
नवी मुंबई के वाशी सेक्टर-11 स्थित साई बाबा आर्केड बिल्डिंग में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के भंडारण और वितरण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 123 गैस सिलेंडर और चार टेम्पो समेत कुल 13 लाख 91 हजार 322 रुपये का माल जब्त कर सील कर दिया। मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 1 अप्रैल 2026 को ठाणे परिमंडल के उप नियंत्रक शिधावाटप कार्यालय के मार्गदर्शन में भरारी पथक के अधिकारियों द्वारा की गई। अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि वाशी सेक्टर-11 स्थित साई बाबा आर्केड बिल्डिंग में संचालित ‘राइट कनेक्शन’ नामक नॉन-डोमेस्टिक एजेंसी शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन का उल्लंघन करते हुए भवन के बाहर बंद वाहनों में भरे और खाली गैस सिलेंडर रखकर व्यवसाय कर रही है।
सूचना की पुष्टि के लिए अधिकारियों ने एजेंसी के कार्यालय और गैस सिलेंडरों से भरे टेम्पो पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार टेम्पो और कार्यालय परिसर से कुल 123 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 68 खाली और 55 भरे हुए सिलेंडर शामिल हैं।
प्रशासन ने मौके से चार टेम्पो भी जब्त किए। जब्त किए गए सिलेंडर और वाहनों समेत कुल मुद्देमाल की कीमत 13,91,322 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के बाद पूरे माल को सील कर दिया गया।
अधिकारियों ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर वाशी पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया है। दोनों के खिलाफ जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि अवैध भंडारण और वितरण का यह नेटवर्क कितने समय से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है।

