नई दिल्ली, एजेंसी: देश की प्रमुख विमानन कंपनी IndiGo ने हवाई यात्रियों को बड़ा झटका देते हुए 2 अप्रैल से फ्यूल चार्ज में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी के इस फैसले के बाद घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों के टिकट महंगे हो गए हैं। बढ़ी हुई दरें सभी नई बुकिंग्स पर लागू होंगी।

कंपनी की ओर से जारी नई दरों के मुताबिक अब घरेलू उड़ानों में दूरी के आधार पर यात्रियों को ₹275 से ₹950 तक अतिरिक्त शुल्क देना होगा। इससे पहले यह शुल्क लगभग ₹425 तय था। यानी छोटी दूरी के कुछ रूट्स पर मामूली राहत है, जबकि लंबी दूरी की उड़ानों पर किराया और बढ़ेगा।
वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज में भारी उछाल दर्ज किया गया है। अब यात्रियों को दूरी और सेक्टर के हिसाब से ₹900 से लेकर ₹10,000 तक अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है। पहले इसकी अधिकतम सीमा करीब ₹2,300 से ₹3,000 तक थी।

कंपनी ने इस बढ़ोतरी के पीछे एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में तेज उछाल को वजह बताया है। हाल के दिनों में वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण विमानन ईंधन की लागत काफी बढ़ी है, जिसका सीधा असर एयरलाइंस के परिचालन खर्च पर पड़ा है।
एयरलाइन के इस फैसले से आने वाले दिनों में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर सीधा असर पड़ने की संभावना है। खासकर गर्मी की छुट्टियों और त्योहारों के सीजन में यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों को अब टिकट के लिए पहले से ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है।

