किसानों का हल्लाबोल, बिल्डर पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का आरोप

ठाणे भिवंडी

‘भूमि वर्ल्ड’ के खिलाफ प्रदर्शन, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

भिवंडी: भिवंडी तालुका के पिंपलनेर में किसानों का गुस्सा फूटा है। स्थानीय किसानों ने ‘भूमि वर्ल्ड’ नामक डेवलपर संस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया, जिन पर सरकारी और निजी जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप है। किसानों का कहना है कि इस बिल्डर ने सर्वे नंबर 65 की जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।

स्थानीय किसानों ने उप-विभागीय अधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर बिल्डर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन कार्रवाई करने में विफल रहा है और न्यायालय के आदेशों की खुलेआम अवहेलना की जा रही है।

मामला एमएमआरडीए क्षेत्र के पिंपळास, सर्वे नंबर 65, हिस्सा नंबर 28 की जमीन से जुड़ा है। स्थानीय किसान महिला अनिता चौधरी ने बताया कि जमीन की दो बार सरकारी पैमाइश हो चुकी है और भिवंडी सिविल कोर्ट ने इस पर ‘यथास्थिति’ बनाए रखने के आदेश दिए हैं।

किसानों का आरोप है कि अदालती आदेशों के बावजूद बिल्डर प्रकाश पटेल निर्माण कार्य जारी रखे हुए हैं। साथ ही किसानों के खेतों तक जाने वाले सरकारी रास्तों को बंद कर उनकी जमीन हड़पने की साजिश की जा रही है।

प्रदर्शन में शामिल किसानों ने कहा,
“प्रशासन की चुप्पी यह दर्शाती है कि वे बिल्डर के साथ मिले हुए हैं। जब तक हमें न्याय नहीं मिलता और अवैध निर्माण नहीं हटाया जाता, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”

स्थानीय लोगों और किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की तुरंत जांच की जाए और जमीन पर अवैध निर्माण को जमींदोज किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *