वलपाड़ा इलाके में बड़ा हादसा टला, चालक बाल-बाल बचा
अब्दुल गनी खान,
ठाणे/शनिवार तड़के भिवंडी तालुका के वलपाड़ा इलाके में एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब लोहे के पाइप और कबाड़ से भरा एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद काफी देर तक यातायात बाधित रहा और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कंटेनर (MH 06 AQ 9499) मानकोली से अंजुर फाटा की ओर जा रहा था। वलपाड़ा के पास एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते भारी सामान से लदा कंटेनर बीच सड़क पर ही पलट गया।
गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गया। हादसे के समय सड़क पर अन्य वाहनों की आवाजाही कम होने के कारण किसी बड़ी जनहानि से बचाव हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नारपोली ट्रैफिक पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस टीम ने हाइड्रा मशीन की मदद से पलटे हुए कंटेनर को सड़क किनारे हटाया।
करीब कुछ समय की मशक्कत के बाद सड़क को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हादसा व्यस्त समय में होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

