
नारपोली में स्कॉलर्स इंग्लिश मिडीयम स्कूल के सामने अवैध अतिक्रमण और निर्माण, खतरा बना विद्यार्थियों के लिए
भिवंडी महानगरपालिका क्षेत्र नारपोली-१, सोनीबाई कंपाउंड, धामणकरनाका में स्कॉलर्स इंग्लिश मिडीयम स्कूल के सामने अवैध और अनधिकृत निर्माण का मामला सामने आया है। स्थानीय नागरिक और अर्जदार अबु सामा हुरेरा खान ने इस संबंध में जिल्हाधिकारी ठाणे और भिवंडी मनपा आयुक्त को पत्र भेजकर गंभीर कार्रवाई की मांग की है।
अर्जदार के अनुसार, स्कूल के सामने सर्वे नंबर 74 और 75 पर मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत सड़क चौड़ीकरण और गाळ निष्कासन के बावजूद स्कूल द्वारा सड़क पर अतिक्रमण करके मेन गेट और अन्य निर्माण कार्य किया गया है। साथ ही, स्कूल प्रशासन ने प्लास्टर और मरम्मत के नाम पर अनधिकृत तरीके से अतिक्रमण बढ़ाया है।
अर्जदार ने पत्र में बताया कि निर्माण के दौरान मनपा अधिकारियों ने भी इसे अनदेखा किया, जिससे अवैध निर्माण जारी रहा। इस वजह से न केवल सड़क का उपयोग प्रभावित हुआ है, बल्कि स्कूल के विद्यार्थियों की सुरक्षा पर भी खतरा पैदा हो गया है।
उन्होंने मांग की है कि भिवंडी मनपा द्वारा संबंधित बिल्डर और स्कूल प्रशासन के खिलाफ एमआरटीपी एक्ट और नगर नियोजन नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, अतिक्रमण हटाकर सड़क और सार्वजनिक क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जाए।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि राजनीतिक संरक्षण और प्रशासन की उदासीनता के कारण यह अवैध निर्माण लगातार जारी है और इससे जनता के हित और सुरक्षा को नुकसान पहुंच रहा है।
भिवंडी महानगरपालिका के अधिकारियों ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

