अब्दुल गनी खान
भिवंडी के पद्मश्री अन्नासाहेब जाधव भारतीय समाज उन्नति मंडल के बी.एन.एन. कॉलेज में शनिवार को एक भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह कैंपस इंटरव्यू ड्राइव मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन की ओर से आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। मेले में करीब 450 छात्रों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जिनमें से कई विद्यार्थियों को नौकरी के अवसर भी प्राप्त हुए।

कार्यक्रम का उद्घाटन संस्था के जनरल सेक्रेटरी एडवोकेट रोहित जाधव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज द्वारा उपलब्ध कराए गए रोजगार के अवसरों का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य ही पद्मश्री अन्नासाहेब जाधव का सपना रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षीय भूमिका में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शशिकांत म्हालुनकर ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि करियर की शुरुआत भले ही कम वेतन से हो, लेकिन पहला अवसर कभी नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि यही आगे चलकर बड़े अवसरों का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने बताया कि यह रोजगार मेला संस्था के चेयरमैन डॉ. विजय जाधव तथा एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बालकृष्ण काले के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
मेले में छात्रों को बैंकिंग एवं फाइनेंस, सूचना प्रौद्योगिकी, एंटरटेनमेंट एवं मीडिया, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सहित विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी पाने का अवसर मिला। इसमें एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज, एसबीआई जनरल, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, आदित्य बिड़ला कैपिटल, पीवीआर इनॉक्स लिमिटेड समेत कई नामी कंपनियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर वाइस प्रिंसिपल डॉ. सुरेश भदरगे और मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के अभिजीत शिरसाट भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के प्रोफेसर्स और नॉन-टीचिंग स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

