भाई से बहन के पेट पर किया चाकू से वार।

भिवंडी

विशेष संवाददाता
भिवंडी शहर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी ही बहन पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है।
भिवंडी शहर पुलिस के अनुसार, घटना हनुमान नगर, कामतघर इलाके की है, जहां आरोपी प्रदीप सरोज (32) निवासी फेणेगांव ने पुराने विवाद के चलते इस हमले को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच पहले से कहासुनी और झगड़े होते रहे थे। घटना के दिन सुबह करीब 8 बजे आरोपी ने गुस्से में आकर देवी पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि उसने महिला के पेट के नीचे वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि “तूने मेरे खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी, अब तुझे सबक सिखाता हूं।” इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक आरोपी फरार बताया जा रहा है और शहर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस प्रकरण की जांच पुलिस उप निरीक्षक विशाल पवार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *