भिवंडी में 3 दिन में दूसरी बार ‘सरगम’ बार पर छापा, फिर भी नहीं रुकीं अश्लील गतिविधियां

भिवंडी

20 लोग हिरासत में, 26 के खिलाफ केस; पुलिस निगरानी पर उठे सवाल


अब्दुल गनी खान
भिवंडी: नारपोली इलाके में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ‘सरगम बार एंड रेस्टोरेंट’ पर महज तीन दिनों के भीतर दूसरी बार पुलिस को छापा मारना पड़ा। हैरानी की बात यह है कि पहली कार्रवाई के बावजूद बार में कथित तौर पर अवैध और अश्लील गतिविधियां दोबारा शुरू कर दी गई थीं।

पुलिस के अनुसार, 1 अप्रैल की रात नारपोली पुलिस ने बार पर छापा मारकर मैनेजर रामचंद्र पवित्र नाईक, दो महिला बारबाला, एक वेटर और दो ग्राहकों समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 3(5) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 110 व 117 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मौके से करीब 3,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए थे। हालांकि सभी आरोपियों को उसी दिन नोटिस देकर छोड़ दिया गया था।

इसके बावजूद 3 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे ठाणे की मध्यवर्ती गुन्हे शोध कक्ष की टीम ने सहायक पुलिस उपनिरीक्षक तुषार जोशी के नेतृत्व में दोबारा छापेमारी की। इस कार्रवाई में बार मैनेजर, मालिक सुरेश श्याम शेट्टी, 12 महिला वेटर, 2 पुरुष वेटर और 4 ग्राहकों सहित कुल 20 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से 6,620 रुपये नकद जब्त किए।

यह बार नारपोली गांव के अंजुरफाटा रोड स्थित श्री अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर संचालित हो रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां फिर से अश्लील गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं।

छापेमारी के दौरान खुलासा हुआ कि महिला वेटर्स को ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए भड़काऊ कपड़े पहनने पर मजबूर किया जा रहा था। वे ग्राहकों के सामने कथित तौर पर अश्लील इशारे और नृत्य कर रही थीं, जबकि ग्राहक भी अभद्र व्यवहार कर रहे थे।

पुलिस ने अब तक इस मामले में 26 लोगों को नामजद किया है, जिनमें मैनेजर, मालिक, बारबालाएं, वेटर और ग्राहक शामिल हैं।

लगातार दो बार छापेमारी के बावजूद बार का दोबारा शुरू होना पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ऐसे बारों पर स्थायी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *