ठाणे जिले में डिजिटल जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, 64 फील्ड ट्रेनर्स को दिया जा रहा प्रशिक्षण

ठाणे

अब्दुल गनी खान
ठाणे: भारतीय जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर ठाणे जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। देश के इतिहास में पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होने वाली जनगणना के लिए जिले में व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्ण पांचाळ के मार्गदर्शन में इस पूरी प्रक्रिया का सूक्ष्म नियोजन किया जा रहा है।

इसी कड़ी में सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को कलेक्टर कार्यालय के पांचवें माले स्थित समिति सभागार में फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तहसीलदार (सामान्य) सचिन चौधर की उपस्थिति में शुरू हुए इस प्रशिक्षण के जरिए जिले के तकनीकी मानव संसाधन को तैयार किया जा रहा है। उपजिलाधिकारी (सामान्य प्रशासन) रूपाली भालके की प्रत्यक्ष निगरानी में यह पूरा कार्यक्रम संचालित हो रहा है।

प्रशासन के अनुसार, प्रशिक्षण के लिए 32-32 सदस्यों की दो अलग-अलग बैच बनाई गई हैं। इस तरह कुल 64 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 11 अप्रैल 2026 तक चलेगा। मास्टर ट्रेनर के रूप में कल्याण के तहसीलदार (अकृषिक) विनोद भामरे और तहसीलदार स्वाती घोंगडे विशेषज्ञ मार्गदर्शन दे रहे हैं।

इस प्रशिक्षण में जनगणना 2027 के पहले चरण यानी हाउस लिस्टिंग और हाउस काउंटिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डिजिटल व्यवस्था के तहत इस बार गणनाकर्मियों को कागजी फॉर्म के बजाय CMMS पोर्टल और HLBC ऐप का इस्तेमाल करना होगा। इसके लिए ऐप संचालन, जनगणना कानून एवं नियमों और डेटा संग्रह प्रक्रिया का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे 27 अप्रैल से 8 मई 2026 के बीच जिला कलेक्टर के अधीन आने वाले 9 चार्ज क्षेत्रों के करीब 4 हजार गणनाकर्मियों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे।

जिला कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्ण पांचाळ ने कहा कि डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रहण में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी। खास बात यह है कि इस बार नागरिकों के लिए पहली बार सेल्फ एन्यूमरेशन यानी स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 1 मई से 15 मई 2026 के बीच शासन के आधिकारिक वेब पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें।

वहीं, जमीनी स्तर पर 16 मई से 14 जून 2026 के बीच घर सूचीकरण और घर गणना का पहला चरण चलाया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले का कोई भी हिस्सा इस प्रक्रिया से छूटे नहीं, इसके लिए पूरी मशीनरी पूर्ण क्षमता से काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *