गैस संकट को लेकर वंचित बहुजन अघाड़ी का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: एलपीजी गैस की कमी और आम लोगों को हो रही परेशानी के विरोध में वंचित बहुजन अघाड़ी ने भिवंडी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राज्यव्यापी आंदोलन के तहत सोमवार सुबह शहर इकाई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने धामनकर नाका पर प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से चूल्हे पर रोटी सेंकी और “नरेंद्र को सिलेंडर कब मिलेगा” के नारे लगाते हुए गैस संकट पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने देशभर में बढ़ती गैस की कमी और कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग उठाई।

इस मौके पर वंचित बहुजन अघाड़ी के शहर अध्यक्ष मनीष देशमुख, महिला अघाड़ी की शहर अध्यक्ष छाया जाधव, महासचिव सुदाम अहिरे समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के बाद संगठन की ओर से उपविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि एलपीजी गैस की अनुपलब्धता के कारण छात्र, मजदूर और आम नागरिक गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं।

संगठन ने अपनी मांगों में कहा कि केंद्र सरकार देशभर में गैस की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाए, गैस सिलेंडर प्राप्त करने की 25 दिन की शर्त में राहत दे तथा छात्रावासों में छात्रों के लिए सामुदायिक रसोई की व्यवस्था शुरू करे।

वंचित बहुजन अघाड़ी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *