भिवंडी-ठाणे मेट्रो प्रोजेक्ट-5 का निरीक्षण, अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश

ठाणे भिवंडी

दिसंबर 2026 तक भिवंडी से ठाणे मेट्रो सेवा आम जनता के लिए शुरू, नागरिकों को मिलेगी राहत

अब्दुल गनी खान
भिवंडी नगरपालिका के महापौर नारायण चौधरी, विधायक महेश चौघुले और आयुक्त अनमोल सागर ने एमएमआरडीए के अधिकारियों के साथ ठाणे से भिवंडी तक बनाए जा रहे मेट्रो प्रोजेक्ट-5 का निरीक्षण किया और परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अधिकारियों ने जानकारी दी कि मेट्रो प्रोजेक्ट-5 को दिसंबर 2026 तक ठाणे से धामणकर नाका, भिवंडी तक आम जनता के लिए शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विधायक महेश चौघुले ने कहा कि यह परियोजना भिवंडी शहर की यातायात समस्या को काफी हद तक कम करेगी और नागरिकों को तेज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराएगी।

जानकारी के अनुसार ठाणे से शुरू होने वाला प्रस्तावित मेट्रो मार्ग-5 भिवंडी से होकर कल्याण तक जाएगा। भिवंडी नगरपालिक की हद्द में मेट्रो रेल के सबसे अधिक स्टेशन बनाए जा रहे हैं। अंजूरफाटा से धामणकर नाका, कल्याण नाका से टेमघर और साईंंबाबा मार्ग से कोनगांव की हद्द में करीब 2,000 से अधिक दुकानें और मकान प्रस्तावित मेट्रो मार्ग की चपेट में आने वाले हैं।

इस परियोजना को लेकर करीब 6,000 लोगों ने मनपा प्रशासन के समक्ष शिकायतें और आपत्तियां दर्ज करवाई हैं। प्रॉपर्टी धारकों को चिंता है कि मेट्रो निर्माण के दौरान मार्ग में आने वाली संपत्तियों को ध्वस्त किया जा सकता है।

फिलहाल, कशेली, पूर्णा और काल्हेर से धामणकर नाका तक निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही निर्माण पूरा होगा, नागरिकों को एक आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध होगी, जिससे शहर की भीड़भाड़ और यातायात समस्याओं में काफी कमी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *