भिवंडी में अवैध हुक्का पार्लर पर छापा, तीन युवक पकड़े गए

भिवंडी

तंबाकू फ्लेवर, हुक्का सेट और पाइप जब्त; लाहोटी कंपाउंड में खुलेआम चल रहे पार्लर पर उठे सवाल

अब्दुल गनी खान

भिवंडी: शहर के फुलेनगर नंबर-1 इलाके में अवैध रूप से संचालित हुक्का पार्लर पर अपराध शाखा की टीम ने देर रात छापा मारकर तीन युवकों को हिरासत में लिया। मौके से हुक्का सेट, पाइप और तंबाकू मिश्रित फ्लेवर जब्त किया गया है। पुलिस ने सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 8 अप्रैल 2026 की रात करीब 9:30 बजे आसबीबी मानसरोवर रोड, फुलेनगर नंबर-1, भिवंडी में की गई। शिकायतकर्ता पुलिस सिपाही गफराज रहमान तडवी, अपराध शाखा घटक-2, भिवंडी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।

छापेमारी के दौरान इरशाद मोहम्मद उमर खान (18), रिजवान खान (19) और सलमान मोहम्मद कमाल अहमद (19) मौके पर पाए गए। पुलिस का आरोप है कि ये युवक बिना किसी वैध अनुमति के हुक्का पार्लर चला रहे थे और ग्राहकों को तंबाकू मिश्रित फ्लेवर वाला हुक्का उपलब्ध करा रहे थे।

मौके से कुल 11,800 रुपये का सामान जब्त किया गया है। जब्त सामग्री में 7 हुक्का पॉट, 7 पाइप, 7 चिलम, 7 फिल्टर तथा पान मसाला और पान रॉय फ्लेवर के 500-500 ग्राम के दो पैकेट शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, इस अवैध कारोबार के मुख्य संचालक के रूप में अरविंद शेख नामक एक अन्य व्यक्ति का नाम सामने आया है, जिसका पूरा पता अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

इस संबंध में भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में गुन्हा रजि. क्र. 224/2026 के तहत सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पाद (संशोधित) अधिनियम 2018 की धारा 4(क) और 21(अ) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस हवलदार शशिकांत खाडे कर रहे हैं।

इधर, इस कार्रवाई के बाद शहर में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन की हद में लाहोटी कंपाउंड क्षेत्र में खुलेआम अवैध हुक्का पार्लर जोर-शोर से संचालित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वहां देर रात तक युवाओं की भीड़ लगी रहती है और नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

एक इलाके में छापेमारी और दूसरी तरफ खुलेआम चल रहे अवैध पार्लरों को लेकर अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों ने मांग की है कि लाहोटी कंपाउंड और आसपास के इलाकों में भी तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *