अब्दुल गनी खान
भिवंडी: भिवंडी महानगरपालिका के प्रभाग समिति-2 क्षेत्र में अवैध निर्माण गतिविधियों के बढ़ने से प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रावजी नगर स्थित मिशकात मस्जिद के पीछे एक बिल्डर द्वारा कथित रूप से तेज गति से अवैध निर्माण कार्य किए जाने की जानकारी सामने आई है।
स्थानीय नागरिकों और सूत्रों का आरोप है कि यह निर्माण कार्य संबंधित विभागीय अधिकारियों की जानकारी और कथित संरक्षण में जारी है। क्षेत्र में चर्चा है कि मनपा उपायुक्त (अतिक्रमण) विक्रम दड़ारे और संबंधित प्रभाग अधिकारी विनोद मनोरे की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जहां छोटे निर्माण कार्यों पर तत्काल कार्रवाई की जाती है, वहीं इतने बड़े पैमाने पर कथित अवैध निर्माण का लगातार जारी रहना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर संदेह पैदा कर रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अवैध निर्माण के कारण क्षेत्र में यातायात, मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। नागरिकों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि महानगरपालिका प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और क्या संबंधित अधिकारियों तथा निर्माण कार्य पर कोई ठोस कार्रवाई की जाती है या नहीं।

