भिवंडी मनपा डिजिटल जनगणना 2027 के लिए तैयार, 28 फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुरू

भिवंडी

पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना, नागरिक खुद भी भर सकेंगे अपनी जानकारी
अब्दुल गनी खान
भिवंडी: भारतीय जनगणना 2027 की तैयारी को लेकर भिवंडी महानगरपालिका ने कमर कस ली है। देश के इतिहास में पहली बार पूरी तरह डिजिटल पद्धति से होने जा रही जनगणना के लिए मनपा प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। आयुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी अनमोल सागर और अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके के मार्गदर्शन में इसके लिए सूक्ष्म नियोजन तैयार किया गया है।

इसी क्रम में 6 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 तक मनपा के नए प्रशासनिक भवन में 28 फील्ड ट्रेनर्स के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स अजय ठाकुर (सहायक निदेशक, जनगणना) और प्रो. अजीत भोईर ने डिजिटल जनगणना के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रत्येक प्रगणक और पर्यवेक्षक तक डिजिटल जनगणना की सटीक और तकनीकी जानकारी पहुंचाना है। इस दौरान खासतौर पर जनगणना 2027 के पहले चरण ‘मकान सूचीकरण और मकान गणना’ पर फोकस किया गया।

इस बार पारंपरिक कागजी फॉर्म की जगह सीएमएमएस पोर्टल और एचएलबीसी ऐप का उपयोग किया जाएगा। ट्रेनर्स को इन ऐप्स के तकनीकी उपयोग, डेटा एंट्री और जनगणना नियमों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

मनपा के अनुसार, ये 28 प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे 27 अप्रैल से 8 मई 2026 के बीच शहर के पांच क्षेत्रों में लगभग 1650 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे।

इस जनगणना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि नागरिक पहली बार स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 1 मई से 15 मई 2026 के बीच आधिकारिक वेब पोर्टल पर लॉग-इन कर अपनी जानकारी भरें।
जमीन स्तर पर मकान सूचीकरण और गणना का वास्तविक कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक चलाया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी मनपा के जनसंपर्क अधिकारी श्रीकांत परदेशी ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *