15.68 लाख रुपये के फोन रिकवर, कई थाना क्षेत्रों में चलाया गया विशेष अभियान
अब्दुल गनी खान
भिवंडी: क्राईम ब्रांच जोन-2 पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 70 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 15 लाख 68 हजार 800 रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर मोबाइल चोरी और गुमशुदगी के मामलों में पुलिस की सक्रियता को उजागर किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जोन-2 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न थानों में दर्ज प्रॉपर्टी मिसिंग और मोबाइल गुमशुदगी के मामलों की जांच तकनीकी निगरानी के साथ CEIR पोर्टल के जरिए की गई। पोर्टल से मिली लोकेशन और उपयोग संबंधी जानकारी के आधार पर मोबाइल फोन को ट्रैक कर सफलतापूर्वक रिकवर किया गया।
थाना-वार बरामद मोबाइलों का विवरण इस प्रकार है
– निजामपुरा पुलिस थाना: 17 मोबाइल
– भोईवाडा पुलिस थाना: 8 मोबाइल
– भिवंडी शहर पुलिस थाना: 18 मोबाइल
– शांतिनगर पुलिस थाना: 20 मोबाइल
– नारपोली पुलिस थाना: 7 मोबाइल
इस प्रकार कुल 70 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस का कहना है कि CEIR पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने में बेहद प्रभावी साबित हो रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से न केवल फोन की लोकेशन और उसके उपयोग की जानकारी प्राप्त होती है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मोबाइल को ब्लॉक कर उसके दुरुपयोग को भी रोका जा सकता है।

भिवंडी क्राइम ब्रांच जोन-2 पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है। मोबाइल गुम होने के बाद निराश हुए कई लोगों को जब उनके फोन वापस मिले तो उनके चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह के मामलों में तकनीक का अधिकतम उपयोग कर त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

