उद्घाटन से पहले ही खूनी बना मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे, कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे का आधिकारिक उद्घाटन अभी बाकी है, लेकिन उससे पहले ही यह मार्ग जानलेवा साबित होने लगा है। शनिवार रात भिवंडी तालुका में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना पुंडास-खांडपे गांव की सीमा में शनिवार रात करीब 10 बजे हुई। एक कार वड़पे की ओर तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार ने सड़क पर चल रहे दो दुपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक सवार शरद पाटिल (52), निवासी पारिवली, की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

गौरतलब है कि भिवंडी के वड़पे से शुरू होने वाले मुंबई-वडोदरा महामार्ग का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है और इसे अब तक आम लोगों के लिए आधिकारिक रूप से नहीं खोला गया है। इसके बावजूद वड़पे से शिरसाठ फाटा तक कई वाहन चालक अवैध रूप से इस मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं।

अधूरे सुरक्षा इंतजाम, अंधेरा और तेज रफ्तार इस मार्ग को खतरनाक बना रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उद्घाटन से पहले ही वाहनों की आवाजाही पर सख्ती नहीं बरती गई तो ऐसे हादसे बढ़ सकते हैं।

सूचना मिलते ही गणेशपुरी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *