कोलकाता। संवाददाता
हावड़ा जंक्शन से पंजाब मेल एक्सप्रेस छूटने के बाद एक यात्री ने ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना देकर हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। ट्रेन को रास्ते में रोककर करीब दो घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। बाद में सूचना फर्जी पाए जाने पर मोबाइल नंबर ट्रेस किया गया, जिसकी लोकेशन उसी ट्रेन में मिली। इसके बाद आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, कोलकाता निवासी प्रदीपन भट्टाचार्य को पंजाब मेल एक्सप्रेस से यात्रा करनी थी, लेकिन वह समय पर Howrah Junction नहीं पहुंच सका और ट्रेन छूट गई। इसके बाद वह अपने होटल लौट गया, जहां उसने शराब पी। नशे की हालत में उसने रेलवे हेल्पलाइन पर कॉल कर दावा किया कि पंजाब मेल एक्सप्रेस में बम रखा गया है।

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने ट्रेन को कुछ दूरी पर ही रोक लिया। ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियों ने करीब दो घंटे तक कोच-दर-कोच जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला।
इसी दौरान आरोपी प्रदीपन भट्टाचार्य किसी तरह ट्रेन तक पहुंच गया और उसी में सवार हो गया। जब सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि सूचना झूठी थी, तब पुलिस ने हेल्पलाइन पर आए कॉल के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया। जांच में हैरान करने वाला खुलासा हुआ कि कॉल करने वाले मोबाइल की लोकेशन उसी ट्रेन में आ रही थी।
इसके बाद पुलिस ने ट्रेन में सवार यात्रियों की जांच कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ट्रेन छूट जाने के बाद उसने नशे की हालत में यह झूठी सूचना दी थी, ताकि ट्रेन रुक जाए और वह उसमें सवार हो सके।
रेलवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ झूठी सूचना देकर दहशत फैलाने, सरकारी काम में बाधा डालने और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित करने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी हरकत यात्रियों की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

