निलंबन के बाद बहाली पर उठे सवाल, जांच पूरी होने तक तबादले की मांग
भिवंडी: भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के प्रभाग समिति क्रमांक 3 में कथित अवैध निर्माणों को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। प्रभारी बीट इंस्पेक्टर संदीप जाधव पर बेकायदा निर्माणों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगने के बाद मनपा प्रशासन में हड़कंप मच गया है। शिकायतकर्ता ने आयुक्त से उन्हें तत्काल हटाने और जांच पूरी होने तक अन्यत्र तबादला करने की मांग की है।
श्रमिक नगर, वराळ देवी मंदिर के सामने रहने वाले विजय निंगुळे ने 7 अप्रैल 2026 को आयुक्त को सौंपे शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि संदीप जाधव के कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण खड़े हुए, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इन निर्माणों को कथित तौर पर अधिकारियों का संरक्षण मिलता रहा, जिससे बिल्डरों और अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हुए।

मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब शिकायत पत्र में पुराने उस हादसे का भी उल्लेख किया गया, जिसमें एक अवैध निर्माण के दौरान हुए दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद संबंधित अधिकारी को निलंबित किया गया था। हालांकि, शिकायतकर्ता का दावा है कि मामले की जांच अब भी जारी है, इसके बावजूद संबंधित अधिकारी की दोबारा बहाली कई सवाल खड़े कर रही है।
शिकायत में यह आशंका भी जताई गई है कि कहीं चल रही जांच के साक्ष्यों को प्रभावित करने या पूरे प्रकरण को दबाने के उद्देश्य से उन्हें फिर उसी पद पर तो नहीं बैठाया गया। इस आरोप ने मनपा के प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
शिकायतकर्ता ने आयुक्त से मांग की है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संदीप जाधव को तत्काल प्रभाग समिति क्रमांक 3 से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए। उनका कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक संबंधित अधिकारी को संवेदनशील पद पर बनाए रखना जांच प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।
शिकायत सामने आने के बाद मनपा मुख्यालय में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब सबकी नजर आयुक्त कार्यालय की अगली कार्रवाई पर टिकी है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यदि इस मामले में जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर और तूल पकड़ सकता है।

