भिवंडी में चोरी का खुलासा, 24 घंटे में यूपी के गोंडा से आरोपी गिरफ्तार

भिवंडी

शांतीनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी, लाखों के गहने और नकदी बरामद

अब्दुल गनी खान
भिवंडी के खंडूपाड़ा इलाके में हुई घरफोड़ चोरी का शांतीनगर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की है।


पुलिस के अनुसार, 4 अप्रैल की रात 10:30 बजे से 6 अप्रैल की सुबह 8 बजे के बीच भारत कंपाउंड, साफी हाईस्कूल के पास रहने वाले मोहम्मद शकील अब्दुल हई अंसारी के घर में चोरी की वारदात हुई। उस समय परिवार घर के बाहरी कमरे में मुख्य दरवाजा बंद कर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने घर के पिछले हिस्से का लकड़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लोहे की पेटी में रखे सोने-चांदी के गहने तथा करीब 2 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया।

पीड़ित की शिकायत पर शांतीनगर पुलिस ने गुन्हा क्रमांक 266/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

इसी बीच आरोपी को पकड़ने के लिए गठित विशेष पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी मोहम्मद आरिफ साहदुल्ला खान (22) की पहचान की। आरोपी मूल रूप से मदारपूर्व, बिसुनापुर, बिलवारिया, गोंडा (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।

इसके बाद पुलिस टीम ने सीनियर पीआई विनायक गायकवाड़ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गोंडा से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने 10 ग्राम सोने के झुमके, 5 ग्राम का मंगलसूत्र, चांदी की पायल और 75 हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा आरोपी के पास से दो सोने की अंगूठियां, कान के आभूषण और 1 लाख रुपये नकद भी हस्तगत किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, चोरी के मामले में आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सुरेश चोपडे कर रहे हैं।

शहर में इस त्वरित कार्रवाई को शांतीनगर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी और माल की बरामदगी से स्थानीय नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *