नागपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, क्रिकेट सट्टेबाजों के फ्लैट से लाखों कैश मिला

महाराष्ट्र

विशेष संवाददाता
नागपुर में क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। राणा प्रताप नगर इलाके में पुलिस ने छापा मारकर सटोरियों के फ्लैट से 40 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

क्राइम ब्रांच की टीम ने शनिवार रात राणा प्रताप नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर क्रिकेट सट्टा चला रहे गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने एक फ्लैट की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी जब्त की।
पुलिस ने अमन पाठक, आकाश गुहिल, श्रेयश लांजेवार और मुशीर अहमद को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लाइव क्रिकेट मैचों पर सट्टा चला रहे थे।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ग्राहकों को यूजर आईडी और पासवर्ड देकर सट्टा खिलाते थे। लेन-देन के लिए किराए के बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस को मौके से 11 बैंक पासबुक, 11 मोबाइल फोन और करीब 3 लाख 92 हजार रुपये का अन्य सामान भी मिला है।

पूछताछ में पुलिस को ‘एसके’ नाम के मुख्य आरोपी के बारे में जानकारी मिली है, जो इस पूरे नेटवर्क का सरगना बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
नागपुर पुलिस अब इस सट्टा रैकेट के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *