भिवंडी में क्रिकेट खेलते समय दर्दनाक हादसा, 13 वर्षीय बच्चे की पानी की टंकी में डूबकर मौत

भिवंडी

विशेष संवाददाता
भिवंडी: शहर के समदनगर इलाके में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। क्रिकेट खेलते समय गेंद निकालने के प्रयास में बच्चा निर्माणाधीन इमारत के नीचे बनी पानी की टंकी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, समदनगर परिसर में मंगलवार दोपहर कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद पास ही एक निर्माणाधीन इमारत के निचले हिस्से में बनी खुली पानी की टंकी में जा गिरी। गेंद निकालने के लिए 13 वर्षीय अरहम खान टंकी में उतरा, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह पानी में डूबने लगा।

अरहम को डूबता देख साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की। हालांकि टंकी में पानी अधिक होने के कारण शुरुआत में उसे ढूंढने में मुश्किल हुई।

इसके बाद लोगों ने मोटर की मदद से टंकी का पानी खाली किया, लेकिन जब तक अरहम को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही भिवंडी शहर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने घटना को लेकर संदेह जताया है और किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त की है। वहीं इस हादसे के बाद समदनगर इलाके में मातम पसर गया है। स्थानीय नागरिकों ने खुले और असुरक्षित पानी के टैंकों को लेकर गंभीर चिंता जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *