भिवंडी के सुलेखन कलाकार मंसब मोमिन का स्कूल में भव्य सम्मान, अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ा शहर का गौरव

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी के रईस हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज में पूर्व छात्र और सुलेखन कलाकार मंसब मोमिन (मंसब आर्ट) का भव्य एवं गरिमामय स्वागत किया गया। संस्था की ओर से आयोजित इस सम्मान समारोह में उनके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हासिल उपलब्धियों को विशेष रूप से सराहा गया।

इस अवसर पर प्रिंसिपल जिया-उर-रहमान अंसारी और पूर्व चेयरमैन शफी मुकरी ने मंसब मोमिन को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वाईसीएमओयू स्टडी सेंटर के कोऑर्डिनेटर अब्दुलअज़ीज़ अंसारी, सुलेख शिक्षक अज़ीम गरकाब सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि मंसब मोमिन ने दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कुरआनी सुलेख प्रदर्शनी में अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन कर न केवल अपनी अलग पहचान बनाई, बल्कि भिवंडी शहर, अपने शिक्षण संस्थान और परिवार का नाम भी रोशन किया। इस प्रदर्शनी में देश-विदेश के कलाकारों के बीच उनकी कृतियों को विशेष सराहना मिली, जहां उनकी सुलेखन कला में सौंदर्य, नज़ाकत और आध्यात्मिकता की झलक ने दर्शकों को प्रभावित किया।
इस उपलब्धि पर गौरव और बढ़ गया है क्योंकि मंसब मोमिन का चयन अब नॉर्वे (यूरोप) में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कुरआनी सुलेख प्रदर्शनी के लिए भी हो गया है।
समारोह में मौजूद शिक्षकों और संस्थान के पदाधिकारियों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंसब मोमिन ने इस अवसर पर अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, माता-पिता के मार्गदर्शन और शुभचिंतकों की दुआओं को दिया। उन्होंने कहा कि वे आगे भी पूरी लगन के साथ अपनी कला को और निखारते रहेंगे।
इस उपलब्धि को लेकर पूरे शहर में गर्व का माहौल देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *