अब्दुल गनी खान
भिवंडी: शहर में शिवसेना की ओर से सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके संसद में दिए गए बयान को लेकर कड़ी आपत्ति जताई और निषेध आंदोलन किया। यह प्रदर्शन जिलाप्रमुख कुंदन पाटील के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

बताया गया कि संसद के विशेष सत्र के दौरान सांसद दुबे ने आदित्य ठाकरे पर आरोप लगाए थे, जिसे शिवसेना ने निराधार और अनुचित बताया। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस तरह के बयान से राजनीतिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सांसद के बयान की कड़ी निंदा की। शिवसेना नेताओं ने कहा कि संसद जैसे मंच पर इस तरह के मुद्दे उठाना अनुचित है और इससे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन होता है।
इस मौके पर दिलीप नाईक, सुभाष झळके, उमेश कोंडलेकर, गजेंद्र गुळवी, प्रदीप बोडके, दिपाली जैन, स्वाती भावार्थे और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। पार्टी ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह के बयान दिए जाने पर और तीव्र आंदोलन किया जाएगा।

