अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर में रविवार को अलग-अलग इलाकों में आग लगने की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया। एक डाइंग कंपनी और एक टिंबर मार्ट में लगी भीषण आग में लाखों रुपये का कपड़ा और लकड़ी जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
पहली घटना भिवंडी तालुका के शेलार गांव स्थित देवाकाकास डाइंग कंपनी में दोपहर के समय हुई। अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। कंपनी में रखा लाखों रुपये का कपड़ा जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दूसरी घटना कोनगांव के कोनतरी इलाके में स्थित एक टिंबर मार्ट में हुई। यहां लकड़ी के गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी गिरफ्त में ले लिया। सूचना पर कल्याण और भिवंडी महानगरपालिका की फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयास के बाद आग को फैलने से रोका गया।
दोनों ही मामलों में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। एक ही दिन में आग की दो घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।

