अब्दुल गनी खान
नागपुर: शहर में नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन थंडर 2.0’ के तहत क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 85 किलो गांजा जब्त किया है और इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

मिली जानकारी के अनुसार, जरीपटका थाना क्षेत्र में पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर टीम ने निर्मल कॉलोनी इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से फिरोज खान सरदार खान और मोहम्मद शकील को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान एक अन्य आरोपी हरपित सिंह उर्फ हैप्पी का नाम सामने आया, जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली, जिसमें करीब 85 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत लगभग 21.25 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा 3 मोबाइल फोन, एक वजन कांटा और 3 चार पहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 48.70 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 20(ब)(2)(क) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

