चंद्रपुर संवाददाता
चंद्रपुर, महाराष्ट्र: सुधीर मुनगंटीवार की मौजूदगी में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीजनल ऑफिसर तानाजी यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने से जिले में हड़कंप मच गया है। मामला कोल वाशरी से हो रहे प्रदूषण और उससे किसानों की फसलों को हुए नुकसान से जुड़ा बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, चंद्रपुर-यवतमाल क्षेत्र में संचालित कोल वाशरी के कारण आसपास के किसानों की खेती बुरी तरह प्रभावित हुई है। आरोप है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीजनल ऑफिसर तानाजी यादव ने जानबूझकर इस गंभीर मुद्दे को नजरअंदाज किया और लापरवाही बरती।

इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को सुधीर मुनगंटीवार रामनगर पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां उनकी मौजूदगी में तानाजी यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इस दौरान मुनगंटीवार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। अब इस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

