भिवंडी: थैलेसीमिया से जूझ रहे बच्चों के लिए उम्मीद की नई किरण बनते हुए शहर में एक भव्य सामूहिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जॉयट्स ग्रुप ऑफ भिवंडी, श्री भैरव चैरिटेबल ट्रस्ट, एसपीएस चैरिटेबल ट्रस्ट, बीएमपीए, आईएमए भिवंडी और लौर्ड्स क्लब हाउस के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस शिविर में 150 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
आयोजकों के अनुसार, यह रक्त थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा, जिन्हें नियमित रूप से रक्त चढ़ाने की आवश्यकता होती है। शिविर में शहर के जागरूक नागरिकों, युवाओं और दानदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

आयोजन को सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में एकता, करुणा और जिम्मेदारी का प्रतीक बताया गया। विभिन्न संस्थाओं के एक साथ आने से न केवल जरूरतमंदों की मदद संभव हो पाई, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी गया।
आयोजकों ने अन्य सामाजिक संगठनों और एनजीओ से भी अपील की कि वे इस तरह के रक्तदान शिविर आयोजित कर मानव सेवा में योगदान दें। उनका कहना है कि एक छोटा प्रयास कई जिंदगियों को बचा सकता है।
शिविर के दौरान लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करते हुए संदेश दिया गया कि “आपका एक रक्तदान, किसी के लिए नई जिंदगी का उपहार है” और “रक्तदान करें, क्योंकि आपकी एक बूंद किसी की धड़कन बन सकती है।”

